
कल्याण में बिल्डर और बहू ने साजिश कर हड़पा 70 वर्षीया वृद्धा का घर, मामला दर्ज
Rokthok Lekhani
कल्याण : एक बहू और बिल्डर ने मिलकर एक 70 वर्षीय वृद्ध महिला के फ्लैट का जालसाजी कर रजिस्ट्रेशन करा लिया और असहाय और रोजगार रहित वृद्धा को भूखों रहने की कगार पर लाकर खड़ा कर दिया। महिला विधवा है और दुर्भाग्य से उसका बेटा भी कोरोना के समय काल कवलित हो गया जिसके बाद बहू ने बिल्डर के साथ साजिश कर वृद्धा को तड़पाने में कोई कसर नही छोड़ी।
यह मामला कल्याण पूर्व के अंबिका अपार्टमेंट पूना लिंक रोड काटेमनवली का है। पुलिस में दर्ज मामले के अनुसार 70 वर्षीया श्यामकुमारी श्रीकृष्ण दुबे का इसी बिल्डिंग में एक फ्लैट है। जिसके किराए से पति के मरने के बाद श्यामकुमारी अपना गुजर बसर करती थी। यह फ्लैट उनके पति के नाम पर था और उसके सभी कागजात वृद्धा के पति के नाम पर थे।
2003 में महिला के पति श्रीकृष्ण दुबे की मौत हो गई और बेटे ने अरुणा झा नामक महिला से शादी कर ली और मां से अलग रहने लगा। नवंबर 2021 में महिला के बेटे संजीव की भी मौत हो गई। जिसके बाद से बहू अरुणा लगातार वृद्धा से फ्लैट उसके नाम करने के लिए वाद विवाद करती थी और धमकी भी देती थी।
कुछ समय बाद वृद्धा श्यामकुमारी को यह पता चला कि बिल्डर श्रीकांत रामशिरोमणि दुबे ने जाली कागज तैयार कर वृद्धा के फ्लैट को उसकी बहू अरुणा के नाम पर रजिस्ट्री कर दिया। हर तरफ से परेशान श्यामकुमारी ने कोलसेवाड़ी पुलिस में मदद मांगी पर कोई हल नही निकला।
गौरतलब को की दोनों साजिशकर्ता पेशे से सरकारी शिक्षक हैं और दोनों ने मिलकर श्यामकुमारी को हर तरह से प्रताड़ित कर भूखों रहने के लिए छोड़ दिया क्योंकि उक्त फ्लैट के किराए से ही वह अपना घर चलाती थीं। फ्लैट जब अरुणा के नाम पर बिल्डर ने जाली दस्तावेजों के सहारे रजिस्ट्री कर दिया तो अरुणा ने उस मकान में रहने वाले किराएदार पर दबाव बनाया और किराया खुद वसूल करने लगी।
पुलिस से जब श्यामकुमारी को कोई सहायता नही मिली तो उन्होने बुढापे में कोर्ट के चक्कर लगाए और उक्त दोनों धोखेबाजों पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज करने का आदेश पाया जिसके आधार पर कोलसेवाड़ी पुलिस ने अरुणा संजीव दुबे और बिल्डर श्रीकांत रामशिरोमणि दुबे निवासी मुलुंड पर धोखाधड़ी समेत भा. द. वि. की धारा 417, 467, 471, 504 और 34 के तहत कोलसेवाड़ी पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कराया है। जिसकी जांच पुलिस उपनिरीक्षक पवार कर रहे हैं।
Related Posts

Post Comment
Latest News

Comment List