
मुंबई में अश्लील वीडियो चैट सार्वजनिक करने की धमकी देकर वसूली, पांच लोग गिरफ्तार
Rokthok Lekhani
मुंबई : मुंबई पुलिस की अपराध शाखा ने लोगों को ब्लैकमेल करने और उनकी अश्लील वीडियो चैट को सार्वजनिक करने की धमकी देकर जबरन वसूली करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह में शमिल पांच लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक किशोर है। एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि बीकेसी साइबर पुलिस थाने ने नागपुर, उत्तर प्रदेश और ओडिशा में अभियान चलाने के बाद पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने कहा कि जांच से पता चला है कि गिरोह के सदस्यों ने पिछले कुछ महीनों में कथित तौर पर कई लोगों को ब्लैकमेल किया था और विभिन्न राज्यों में 80 लोगों को कम से कम 250 पीड़ितों की अश्लील वीडियो क्लिप बेचकर पैसे कमाए थे।
उन्होंने कहा कि प्रथम दृष्टया यह पता चला है कि आरोपियों ने पैसे के लेन-देन के लिए नेपाल स्थित बैंक के खाते का इस्तेमाल किया। अधिकारी ने कहा कि आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लड़कियों के रूप में फर्जी अकाउंट बनाते थे और पुरुषों को लुभाते थे, जिनमें से ज्यादातर हाई-प्रोफाइल पृष्ठभूमि वाले अमीर लोग होते थे। उन्होंने कहा कि आरोपियों ने 12 फर्जी अकाउंट और छह फर्जी ईमेल आईडी बनाए।
उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर खुद लड़कियों के रूप में प्रस्तुत करते हुए, आरोपी पीड़ितों को विश्वास में लेकर अश्लील वीडियो चैट शुरू करने पर जोर देते और फिर इसे रिकॉर्ड कर लेते। उन्होंने कहा कि वे पीड़ितों को रिकॉर्ड किए गए वीडियो के जरिये ब्लैकमेल कर उनसे पैसे वसूल करते थे।
Related Posts
Post Comment
Latest News

Comment List