
पालघर जिले में मजदूरी मांगने पर साहूकार करता था दुर्व्यवहार, खुदकुशी!
Rokthok Lekhani
पालघर : पालघर जिले में एक मजदूर ने अपने बेटे के कफन के लिए ५०० रुपए उधार लिए थे। बदले में साहूकार उस मजदूर से बंधुआ मजदूरी करवा रहा था। तंग आकर पीड़ित मजदूर ने खुदकुशी कर ली। अब मजदूर की पत्नी की शिकायत पर पुलिस ने गांव के साहूकार के खिलाफ मामला दर्ज किया है। मोखाड़ा पुलिस थाने के सहायक पुलिस निरीक्षक सतीश गवई ने बताया कि नवंबर, २०२० में पीड़ित के बेटे का देहांत हो गया था।
वह आठवीं कक्षा का छात्र था। बेटे का शव कातकारीवाड़ी गांव में मृत मिला था। पीड़ित कालू धर्मा पवार ने आरोपी साहूकार से ५०० रुपए उधार लिए थे क्योंकि उसके पास अपने बेटे का कफन खरीदने के लिए पैसे नहीं थे। साहूकार ने पैसे चुकाने की बजाय उससे कहा कि वह उसके खेत पर काम करे और मवेशियों को चराने ले जाए। अपने बेटे का अंतिम संस्कार करने के बाद पीड़ित मजदूर साहूकार के घर काम करने लगा।
लेकिन उसकी मजदूरी तय नहीं हुई थी। साहूकार उसे हर सुबह खाने के लिए ज्वार या बाजरे की एक रोटी देता था और फिर सीधे रात में खाना देता था। पीड़ित को दोपहर को खाने के लिए कुछ नहीं दिया जाता था। पीड़ित जब भी मजदूरी मांगता, साहूकार उससे दुर्व्यवहार करता था। इससे तंग आकर पीड़ित ने आत्महत्या कर ली।
पीड़ित पवार की ४० वर्षीय पत्नी की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। मोखाड़ा पुलिस ने आरोपी साहूकार के खिलाफ बंधुआ मजदूरी व्यवस्था (उन्मूलन) अधिनियम और आईपीसी की धारा-३७४ (गैरकानूनी अनिवार्य श्रम) के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच सहायक पुलिस निरीक्षक सतीश गवई कर रहे हैं।
Related Posts
Post Comment
Latest News

Comment List