
मुंबई पुलिस की एंटी नारकोटिक्स सेल ने पकड़ी 3 करोड़ की कोकीन की एक बड़ी खेप, नाइजीरियन गिरफ्तार
Rokthok Lekhani
मुंबई : मुंबई पुलिस की एंटी नारकोटिक्स सेल (एएनसी) को कोकीन की एक बड़ी खेप पकड़ने में कामयाबी मिली है। इस मामले में एक नाइजीरियन को गिरफ्तार किया गया है। उसके पास से 3 करोड़ 75 लाख रुपए की कोकीन बरामद की गयी है। आरोपी ने पुलिस कार्रवाई के दौरान कड़ा विरोध किया और पुलिस को चकमा देकर भागने की कोशिश भी की।
पुलिस उपायुक्त दत्ता नलावडे ने बताया कि उनकी टीम को खार इलाके में विदेशी ड्रग्स तस्कर के आने की सूचना मिली। एएनसी की बांद्रा यूनिट के प्रभारी पुलिस निरीक्षक संजय चव्हाण के नेतृत्व में सहायक पुलिस निरीक्षक सुशांत बंडगर, सुरेश भोये, उप निरीक्षक शंकर पवले एवं मांढरे की टीम ने ट्रैप लगाकर एक संदिग्ध विदेशी व्यक्ति को पकड़ा। उसने पुलिस कार्रवाई का कड़ा विरोध कर भागने की कोशिश की, लेकिन मुस्तैद पुलिस अधिकारियों को उसे पकड़ने में कामयाबी मिली।
जब उसकी तलाशी ली गई, तो उसके पास से 1 किलो 300 ग्राम कोकीन बरामद हुई। कोकीन की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में 3 करोड़ 90 लाख रुपए बताई जा रही है। उसे एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के अंतर्गत गिरफ्तार कर लिया गया है। उसकी पहचान नाइजीरियन इनोसेंट लारेंस (33) के रूप में हुई है। वह नवी मुंबई के वाशी स्थित कोपरी गांव में किराए के घर में रहता था।
वह साल 2016 में कपड़ा के व्यवसाय के वीजा पर मुंबई आया था और यहां दक्षिण मुंबई में फुटपाथ पर कपड़ा बेचने की आड़ में कोकीन की सप्लाई करता था। वह पिछले पांच साल से मुंबई में कोकीन की तस्करी में लिप्त था। पुलिस की पूछताछ में इनोसेंट ने खुलासा किया है कि पकड़ी गई कोकीन की खेप नाइजीरिया से भेजी गयी थी। पुलिस उससे यह जानने की कोशिश कर रही है कि इतने बड़े पैमाने पर कोकीन किस माध्यम से सप्लाई की गयी थी।
Related Posts
Post Comment
Latest News

1.jpg)
Comment List