
दक्षिण मुंबई के कालबादेवी में अवैध छापे, जबरन वसूली के मामले में तीन अधिकारी समेत चार गिरफ्तार
Rokthok Lekhani
मुंबई : दक्षिण मुंबई के कालबादेवी में एक व्यक्ति के परिसर में राज्य जीएसटी कार्यालय को सूचित किये बिना कथित रूप से अवैध छापा मारने और 11 लाख रुपये की जबरन वसूली के मामले में दो बिक्री कर निरीक्षक तथा एक आयकर निरीक्षक के साथ एक और व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के एक अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि घटना जोतिकुमार जैन के कार्यालय में 14 जून को घटी थी और इस मामले में बृहस्पतिवार को चार लोगों को गिरफ्तार किया गया।
उन्होंने कहा, ‘‘जैन की शहर के अनेक इलाकों में संपत्तियां हैं और उनकी तरफ से दो लोग किराया वसूलते हैं। 14 जून को चारों आरोपियों ने उनके परिसरों पर छापा मारा जिसमें उनके कर्मचारियों ने 30 लाख रुपये नकदी और बही-खाते पेश किये। चारों ने उनके 11 लाख रुपये ले लिये। जैन को जल्द ही पता चला कि यह छापा अधिकृत नहीं था।’’
अधिकारी के अनुसार, ‘‘एलटी मार्ग थाने में एक शिकायत के बाद जांच शुरू कर हितेश वसईकर (42), मछींद्र कांगने (34), प्रकाश शेगार (55) और संतोष जगदाले (38) पर नजर रखी गयी। वसईकर आयकर निरीक्षक है, वहीं कांगने और शेगार बिक्री कर निरीक्षक हैं। चारों पर जबरन वसूली का मामला दर्ज किया गया है।’’
Post Comment
Latest News


Comment List