
30 नवंबर तक सभी का टीकाकरण- स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे
Rokthok Lekhani
मुंबई : राज्य के सभी पात्र नागरिकों को आगामी 30 नवंबर तक कोविड प्रतिबंधात्मक टीके की पहली खुराक देने का लक्ष्य रखा गया है। इस बात की जानकारी स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने दी। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने गुरुवार को सभी राज्यों में चल रहे टीकाकरण अभियान की समीक्षा की। इस बैठक में टोपे वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए शामिल हुए।
इस दौरान उन्होंने यह जानकारी दी। बैठक में अपर मुख्य सचिव डॉ. प्रदीप व्यास भी उपस्थित थे। टोपे ने कहा कि राज्य में अधिक से अधिक नागरिकों के टीकाकरण करने के लिए राज्य सरकार की तरफ से व्यापक प्रयास किए जा रहे हैं। टीकाकरण की गति बढ़ाने के लिए मिशन कवच कुंडल, मिशन युवा स्वास्थ्य जैसे अभियान चलाए जा रहे हैं। इससे टीकाकरण की गति बढ़ाने में फायदा मिला है।
अब टीकाकरण शिविर और समय बढ़ाया गया है। टीकाकरण अभियान में स्वास्थ्य, राजस्व, नगर विकास, शिक्षा जैसे विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मिलकर काम कर रहे हैं। टोपे ने कहा कि टीकाकरण को लेकर लोगों में मन में उठने वाली शंकाओं को दूर करने के लिए जनजागृति की जा रही है। इसके लिए ओपिनियन लीडर्स्, धर्मगुरु के माध्यम से प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कोवैक्सीन की दोनों खुराक में 28 दिन और कोविशील्ड की दोनों खुराक में 84 दिनों का अंतर तय किया गया है। कोविशील्ड की दोनों खुराक देने का अंतर कम किया गया तो टीकाकरण की गति बढ़ सकती है। राजेश टोपे ने इस बारे में विचार करने की अपील केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मांडविया से की। टोपे ने कहा कि मुंबई लोकल में यात्रा करने के लिए टीके की दोनों खुराक लेना अनिवार्य किया गया है। समीक्षा बैठक में केंद्रीय स्वास्थ्य राज्यमंत्री डॉ. भारती पवार, विभिन्न राज्यों के स्वास्थ्य मंत्री, सचिव आदि उपस्थित थे।
Related Posts
Post Comment
Latest News

Comment List