
महाराष्ट्र में भाजपा कमजोर है- पंकजा मुंडे
Rokthok Lekhani
महाराष्ट्र : भारतीय जनता पार्टी के नेता पूरे देश में प्रचार करते हैं कि देश में बहुत कमजोर विपक्ष है। आमलोग भी यह बात मानते हैं कि कांग्रेस के नेतृत्व वाला विपक्ष बहुत कमजोर है। लेकिन भारतीय जनता पार्टी जहां विपक्ष में है वहां वह भी कोई मजबूत विपक्ष नहीं है और यह बात खुद महाराष्ट्र भाजपा की नेता पंकजा मुंडे ने कही है। उन्होंने कहा है कि महाराष्ट्र में भाजपा के पास एक सौ से ज्यादा विधायक हैं और लोगों ने भाजपा में भरोसा जताया लेकिन विपक्ष के रूप में भाजपा का प्रदर्शन अच्छा नहीं है। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री और नेता विपक्ष देवेंद्र फड़नवीस को भी निशाना बनाया और प्रदेश अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल पर भी हमला किया।
पंकजा मुंडे ने कहा कि पार्टी के बेहद मजबूत होने के बावजूद कोई ऐसा कार्यक्रम या अभियान नहीं चला है, जिससे प्रदेश की महा विकास अघाड़ी सरकार को मुश्किल में डाला जा सके। गौरतलब है कि पंकजा मुंडे पिछले काफी समय से अपनी ही पार्टी के खिलाफ आक्रामक रही हैं और वे सवाल उठाती रही हैं। उनका यह भी कहना है कि भारतीय जनता पार्टी के नेता पिछले दो साल से इस इंतजार में बैठे हैं कि सरकार गिर जाएगी।
वे विपक्ष के रूप में काम करने की बजाय सत्ता हाथ आने के इंतजार में बैठे हैं। जो भी राजनीतिक गतिविधि हो रही है वह भी सिर्फ इसी बात के लिए हो रही है किस तरह से सरकार गिर जाए। सरकार बनाने और मुख्यमंत्री बनने के इंतजार में नेता बैठे हैं। जो बात कांग्रेस के लिए कही जा रही है कि उसके नेता इंतजार कर रहे हैं कि लोग भाजपा सरकार से नाराज होंगे तो अपने आप कांग्रेस की ओर आएंगे वहीं बात महाराष्ट्र में भाजपा के लिए कही जा रही है।
Related Posts
Post Comment
Latest News

Comment List