
मुंबई में बम विस्फोट के खतरे की फर्जी सूचना
Rokthok Lekhani
मुंबई : बम विस्फोट के खतरे की फर्जी सूचना शनिवार को फोन से मुंबई पुलिस को दी गई जिससे कुछ देर के लिए महकमा एलर्ट मोड पर आ गया। 26 वर्षीय छात्र ने मुंबई पुलिस नियंत्रण कक्ष को शनिवार तड़के फोन कर यह जानकारी दी। फोन करने वाला छात्र टीवी एक्टर का बेटा बताया जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
मुंबई पुलिस नियंत्रण कक्ष में तड़के आए एक कॉल ने पुलिस अधिकारियों के कान खड़े कर दिए। एक छात्र ने कॉल कर बताया कि उसे मैसेजिंग ऐप पर बातचीत के दौरान एक अज्ञात व्यक्ति ने बम विस्फोट होने के बारे में बताया है। मुंबई पुलिस के अधिकारी ने बताया कि कॉल करने वाला छात्र टीवी अभिनेता का बेटा है। वे लोग अंधेरी के वर्मा नगर में रहते हैं।
छात्र ने पुलिस को बताया है कि मैसेजिंग एप पर उसने अज्ञात व्यक्ति से बातचीत शुरू की। इस दौरान उस व्यक्ति ने सबसे पहले टी-20 विश्व कप में पाकिस्तान के हाथों भारत की हार पर ताना दिया। इसके बाद बम विस्फोट की धमकी दी। हालांकि, इस दौरान उसने किसी जगह के बारे में या अन्य कोई जानकारी नहीं दी।
छात्र ने पुलिस को जानकारी देकर उचित कार्रवाई का अनुरोध किया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि एक्टर का बेटा केवल सूचना साझा कर रहा था। घटना में और कुछ नहीं है। पुलिस ने पूरे मामले की जांच-पड़ताल की है और इसे अंधेरी थाने के रोजनामचे में दर्ज कर लिया गया है। अज्ञात व्यक्ति की सूचना के लिए पुलिस ने ऐप के ऑपरेटर से भी संपर्क करने की बात कही है।
Related Posts
Post Comment
Latest News

Comment List