मुंबई : कांग्रेस ने शनिवार को अनुभवी नेता अशोक ए. जगताप (भाई जगताप) को मुंबई क्षेत्रीय कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंप दी। इसके साथ ही अब मुंबई अध्यक्ष पद को लेकर काफी दिनों से चल रही अटकलों पर विराम लग गया है। जगताप निवर्तमान प्रमुख एकनाथ गायकवाड़ की जगह लेंगे। कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर इसकी जानकारी दी है।
इसके अलावा चरण सिंह सापरा को मुंबई क्षेत्रीय कांग्रेस कमेटी का कार्यकारी अध्यक्ष और पूर्व मंत्री आरिफ नसीम खान को चुनाव अभियान समिति का प्रमुख बनाया गया है। इनके अलावा अन्य पदों पर भी नियुक्ति की गई है। कांग्रेस ने अमरजीत सिंह मनहास को समन्वय समिति का प्रमुख, सुरेश शेट्टी को घोषणापत्र और पब्लिकेशन कमेटी का प्रमुख बनाया गया है। वहीं चंद्राकांत हंदोरे को महाराष्ट्र कांग्रेस कमेटी की तरफ से मुंबई इकाई का प्रभारी नियुक्त किया गया है।
इनके अलावा अन्य कमेटियों में महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष को स्क्रीनिंग और स्ट्रैटेजी कमेटी का प्रमुख नियुक्त किया गया है। इसमें मुंबई कांग्रेस के अध्यक्ष सह अध्यक्ष होंगे। जबकि गणेश यादव को सचिव नियुक्त किया गया है। इन सभी नियुक्तियों की जानकारी कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल के हस्ताक्षर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में दी गई है।
गौरतलब है कि साल 2022 की शुरुआत में मुंबई में बेहद प्रतिष्ठित माने जाने वाले बीएमसी चुनाव होने हैं। हालांकि बीएमसी की सत्ता पर इस समय महाराष्ट्र की सत्ता पर काबिज महा विकास अघाड़ी में कांग्रेस और एनसीपी के साथ शामिल शिवसेना काबिज है। ऐसे में इस चुनाव में संयुक्त प्रदर्शन और बेहतर हो इसके लिए पार्टी ने अभी से कमर कस ली है।