गढ़चिरौली में मतदान केंद्र के पास नक्सिलयों का IED से हमला, कोई भी घायल नहीं
लोकसभा चुनाव 2019 के पहले चरण के लिए मतदान जारी है। इस बीच खबर है कि महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले के एतापल्ली में मतदान केंद्र के नजदीक नक्सलियों ने आईईडी ब्लास्ट किया है। हालांकि अभी तक किसी के भी घायल होने की खबर नहीं है।
बता दें कि एक दिन पहले (10 अप्रैल) भी नक्सलियों ने गढ़चिरौली में सीआरपीएफ की पेट्रोलिंग टीम पर हमला किया था। जिसमें कई जवान घायल हुए और एक की हालत नाजुक बताई गई। सभी घायल जवान अस्पताल में भर्ती हैं जहां उनका उपचार चल रहा है।
इससे पहले छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में नक्सलियों ने भाजपा के एक काफिले को निशाना बनाया था। जिसमें भाजपा विधायक समेत पांच जवान शहीद हो गए थे।
बता दें कि आज लोकसभा चुनाव 2019 के पहले चरण के लिए 20 राज्यों की 91 सीटों पर सुबह 7 बजे से मतदान शुरू हो गया है। मतदान केन्द्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। इस चरण में 227 राष्ट्रीय दलों समेत कुल 1279 प्रत्याशी चुनावी जंग लड़ रहे हैं। महाराष्ट्र में रामटेक, वर्धा, भंडारा-गोंदिया, नागपुर, गढ़चिरौली चिमूर, यवतमाल-वाशिम, चंद्रपुर लोकसभा सीटों पर मतदान जारी है।
Comment List