पुणे इंसानों की सहनशीलता अब लगभग खत्म होती हुई नजर आ रही है। इसका ताजा उदाहरण महाराष्ट्र(Maharashtra) के पुणे शहर की इस घटना से मिलता है। दरअसल पुणे के बारामती इलाके में एक महिला की हत्या महज इस बात की वजह से कर दी गई कि उसकी मुर्गी, पड़ोसी के आंगन में चली गई थी। बस इसी बात से नाराज पड़ोसी ने महिला के सर पर कुल्हाड़ी से वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया। इस मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
क्या था मामला
गंगूबाई तात्या राम मोरे मृतक महिला का नाम है इस मामले में पुलिस ने किरण मोरे नाम के आरोपी को गिरफ्तार किया है पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक मृत महिला और आरोपी का घर आमने-सामने है। दोनों ही परिवारों में पुरानी रंजिश है। यह रंजिश घर के सामने मौजूद पांच फुट जगह को लेकर है। हत्या के दिन आरोपी के आंगन में मृत महिला की मुर्गी आने की वजह से विवाद शुरू हुआ था। जो बाद में इतना बढ़ गया कि एक महिला को अपनी जान गंवानी पड़ी।
सिर पर कुल्हाड़ी से वार
रविवार की दोपहर भी दोनों परिवारों में बहस हुई थी। पहले मृतक गंगूबाई और आरोपी की पत्नी के बीच में वाद विवाद हुआ था। इसी बात से नाराज किरण ने गंगूबाई के सिर पर कुल्हाड़ी से वार कर दिया था। इस हमले में गंगूबाई एक गंभीर रूप से जख्मी हुई थीं। उपचार के लिए उन्हें अस्पताल ले जाने के पहले ही उनकी मौत हो गई।