Rokthok Lekhani
Follow @rokthoklekhani
मुंबई : आगामी 10 दिसंबर को विधान परिषद की छह सीटों पर होने वाले चुनाव के लिए मुंबई से उत्तर भारतीय नेता राजहंस सिंह को भाजपा ने उम्मीदवार घोषित किया है। शुक्रवार को भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति ने महाराष्ट्र में होने वाले विधान परिषद के द्विवार्षिक चुनाव के लिए उम्मीदवारों की सूची घोषित की।
नागपुर से पूर्व ऊर्जा मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले को उम्मीदवार बनाया गया है, वहीं कोल्हापुर से अमल म्हाडिक, धुले-नंदूरबार से अमरीश पटेल, अकोला-बुलढ़ाणा-वाशिम से वसंत खंडेलवाल को प्रत्याशी घोषित किया गया है।
मुंबई से किसी सक्षम उत्तर भारतीय नेता को विधान परिषद में भेजने के लिए पार्टी स्तर पर लगातार मंथन चल रहा था। ऐसे में भाजपा ने उत्तर भारतीय नेता व मुंबई भाजपा उपाध्यक्ष राजहंस सिंह पर विश्वास जताया है।
उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के मड़ियाहूं के असवां गांव के निवासी राजहंस सिंह मुंबई महानगरपालिका में लगातार नौ साल तक विपक्ष के नेता रहे। वे तीन बार नगरसेवक चुने गए तथा दिंडोशी विधानसभा क्षेत्र से वर्ष 2009 से 2014 तक कांग्रेस विधायक भी रह चुके हैं। वर्ष 2014 के विधानसभा चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।
इसके बाद वर्ष 2017 में हुए मनपा चुनाव के बाद उनका कांग्रेस से मोहभंग हो गया और वे भाजपा में शामिल हो गए थे। तभी से वे बेहद खामोशी से भाजपा संगठन को मजबूत बनाने के काम में जुटे हुए थे। उन्हें भाजपा ने मुंबई में चौपाल कार्यक्रम आयोजित करने की जिम्मेदारी भी सौंपी है।
वहीं नागपुर से पूर्व ऊर्जा मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले को पार्टी ने विधान परिषद का टिकट दिया है। विधानसभा चुनाव के वक्त बावनकुले को पार्टी का टिकट नहीं मिला था। धुले-नंदूरबार से अमरीश पटेल से टिकट दिया गया है। पटेल भी कांग्रेस से भाजपा में शामिल हुए हैं। विधान परिषद की छह सीटों पर नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 23 नवंबर है, जबकि 24 नवंबर को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। मतदान 10 दिसंबर को होगा और मतों की गणना 14 दिसंबर को होगी।
मुंबई मनपा की स्थानीय निकाय सीट से पूर्व विधायक राजहंस सिंह को भाजपा उम्मीदवार बनाए जाने का स्वागत करते हुए विधायक एवं उत्तर भारतीय संघ, मुंबई के अध्यक्ष आरएन सिंह ने उन्हें बधाई दी है और कहा कि यह उत्तर भारतीय समाज के लिए गर्व की बात है।
उन्होंने इस चयन के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जय प्रकाश नड्डा, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल, पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस सहित भाजपा के राष्ट्रीय और राज्य नेतृत्व के आला नेताओं का अभिनंदन किया। उन्होंने कहा है कि इससे समाज को सकारात्मक संदेश जाएगा, जिसका प्रतिफल आगामी चुनाव में पार्टी को अवश्य मिलेगा। मुंबई भाजपा उपाध्यक्ष अमरजीत सिंह ने भी राजहंस सिंह को बधाई दी है।
Click to Read Daily E Newspaper
Download Rokthok Lekhani News Mobile App For FREE
Click to Follow us on Google News