Rokthok Lekhani
Follow @rokthoklekhani
मुंबई : महाराष्ट्र के पूर्व गृह मंत्री अनिल देशमुख पर भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच कर रहे चांदीवाल आयोग के सामने बुधवार को एक बार फिर से पेश हुए। देशमुख पर मुंबई के पूर्व पुलिस आयुक्त परमबीर सिंह ने भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए हैं। देशमुख के अलावा मुंबई पुलिस के बर्खास्त पुलिस अधिकारी सचिन वाजे भी आयोग के सामने एक बार फिर पेश हुए हैं।
देशमुख को मनी लॉन्ड्रिंग के एक मामले में ईडी ने गिरफ्तार किया था। देशमुख फिलहाल न्यायिक हिरासत में हैं। वहीं वाजे को पहले एनआईए ने अरेस्ट किया था उसके बाद मुंबई पुलिस ने उन्हें अपनी हिरासत में लिया था।
बता दें कि, शुक्रवार को विशेष पीएमएलए अदालत के न्यायाधीश एचएस सतभाई ने देशमुख को न्यायमूर्ति के यू चांदीवाल आयोग के समक्ष पेश करने के वारंट को अनुमति दी थी।
महाराष्ट्र सरकार ने इस साल मार्च में राज्य के तत्कालीन गृह मंत्री तथा राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) नेता देशमुख के खिलाफ परमबीर सिंह द्वारा लगाए गए भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच के लिए न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) चांदीवाल के एकल सदस्यीय आयोग का गठन किया था।
एंटीलिया के पास विस्फोटक सामग्री बरामदगी मामले के बाद मार्च में मुंबई पुलिस आयुक्त के पद से हटाए गए सिंह ने आरोप लगाया था कि देशमुख ने पुलिस अधिकारियों से शहर में बार और रेस्तरां से प्रति माह 100 करोड़ रुपये इकट्ठा करने के लिए कहा था। केंद्रीय जांच ब्यूरो और प्रवर्तन निदेशालय सिंह द्वारा देशमुख के खिलाफ लगाए गए आरोपों की जांच कर रहे हैं।
Click to Read Daily E Newspaper
Download Rokthok Lekhani News Mobile App For FREE
Click to Follow us on Google News